
अयोध्या। शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे 24 नवंबर को अयोध्या पहुंच रहे हैं। उद्धव के राम जन्मभूमि में पहुंचने से पहले ही शिवसेना के नेता संजय राउत ने एक बड़ा बयान देकर सियासी सरगर्मियां तेज कर दी हैं। शिवसेना के सांसद संजय राउत ने कहा कि हमने 17 मिनट में बाबरी तोड़ दी तो कानून बनाने में कितना टाइम लगता है?
राउत ने यह भी कहा कि राष्ट्रपति भवन से लेकर यूपी तक भाजपा की सरकार है। राज्यसभा में ऐसे बहुत से सांसद हैं जो राम मंदिर के साथ खड़े रहेंगे, जो विरोध करेगा उसका देश में रहना मुश्किल हो जाएगा। उधर, विहिप ने अयोध्या में रविवार को धर्मसंसद का आयोजन किया है। धर्सभा में मंदिर निर्माण की रूपरेखा तय की जाएगी। विहिप की प्रस्तावित धर्मसभा और शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे के आर्शीवाद उत्सव को लेकर तेज हुई हलचल के मद्देनजर प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए हैं। प्रशासन ने अयोध्या में 17 जनवरी 2019 तक धारा 144 बढ़ा दी गई है। जिले में निषेधाज्ञा लागू हो गई है।
अयोध्या में हर हाल में बनाया जाए राम मंदिर
शिवसेना सांसद संजय राउत शुक्रवार को अयोध्या पहुंचे। उन्होंने कहा हमने 17 मिनट में बाबरी तोड़ दी थी, तो कानून बनाने में कितना समय लगेगा। राउत ने कहा राम मंदिर बनाने का जो भी विरोध करेगा, वह देश में घूम नहीं पाएगा। उन्होंने कहा शनिवार को शिवसेना प्रमुख ऊद्धव ठाकरे अयोध्या आ रहे हैं। वे यहां लक्ष्मण किला में होने वाले कार्यक्रम और सरयू आरती में शामिल होंगे। उद्धव ठाकरे 24 नवंबर को दोपहर दो बजे के लगभग अयोध्या पहुंचेंगे। इसके बाद वह 3 बजे लक्ष्मण किला पर संताें का आशीर्वाद लेंगे। शाम छह बजे सरयू आरती की जाएगी। शिवसेना प्रमुख 25 नवंबर रविवार कोे सुबह 9 बजे रामलला के दर्शन करेंगे। उन्होंने कहा कि अयोध्या में हर हाल में भगवान राम का मंदिर बनना चाहिए।
संघ और विहिप से हमारा कोई टकराव नहीं
राउत ने कहा राष्ट्रपति भवन से लेकर उत्तर प्रदेश तक भाजपा की सरकार है। राज्यसभा में ऐसे बहुत सांसद हैं, जो राम मंदिर के साथ खड़े रहेंगे। जो विरोध करेगा, उसका देश में घूमना मुश्किल हो जाएगा। 25 नवंबर को होने वाले धर्मसभा कार्यक्रम में शिवसेना के नाम शामिल होने पर राउत ने कहा विहिप और संघ से हमारा कोई टकराव नहीं है। धर्मसभा की पहले जानकारी होती तो साथ कार्यक्रम करते। विहिप और शिवसेना के कार्यक्रम में कोई फर्क नहीं है, बस तारीख में अंतर आया है। हम सभी देश की सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं।
पहले मंदिर, फिर सरकार
संजय राउत ने कहा, मंदिर व हिंदुत्व के लिए पार्टी ने अपनी प्रतिष्ठा हमेशा दांव पर लगाई है, इसलिए हमने नारा दिया है कि पहले मंदिर फिर सरकार। यदि 2019 में भाजपा मंदिर मुद्दा उठाती है तो बिना राम मंदिर बनाए, यह मंजूर नहीं होगा। बाल ठाकरे भी अयोध्या आना चाहते थे। महाराष्ट्र से जो शिवसैनिक आ रहे हैं, वह भक्तों के रूप में आ रहे हैं। हमारा 25 साल से इस भूमि से भावनात्मक रिश्ता जुड़ा है। मुख्यमंत्री से मेरी मुलाकात हुई है। योगीजी को हम संत मानते हैं। उनका आशीर्वाद लेकर हम कार्यक्रम कर रहे हैं।
48 कंपनी पीएसी तैनात, निषेधाज्ञा लागू
विहिप ने दावा किया है कि 25 नवंबर को प्रस्तावित धर्मसभा में एक लाख से अधिक लोग हिस्सा लेंगे। इसे देखते हुए प्रशासन ने फैजाबाद व नजदीकी जिलों की पुलिस के अलावा 48 कंपनी पीएसी तैनात कर दी है। इसके बाद अयोध्या छावनी में तब्दील हो गई है। चप्पे-चप्पे पर ब्लैक कमांडो तैनात किए गए हैं। शहर की निगरानी ड्रोन कैमरों के जरिए की जा रही है। डीजीपी ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था की दृष्टि से अयोध्या को आठ जोन व 16 सेक्टर में बांटा गया है। हर जोन व सेक्टर में पुलिस व प्रशासनिक अफसरों की तैनाती की जा रही है। अयोध्या में पीएसी बल की संख्या बढ़ाकर 48 कंपनी कर दी गई है। पहले 20 कंपनी लगाई गई थी। इसके अलावा एसपी स्तर के पांच, अपर पुलिस अधीक्षक स्तर के 15 व 19 सीओ की अतिरिक्त तैनाती की गई है। इसके साथ ही राज्य के खुफिया विभाग के अफसर व कई अन्य अधिकारियों को मौके पर भेजा गया है। उधर, जिला अपर जिला मजिस्ट्रेट, कानून व्यवस्था पीडी गुप्ता द्वारा जारी आदेश जारी में कहा गया है कि अयोध्या क्षेत्र में परिक्रमा और कार्तिक पूर्णिमा मेला के कारण बढ़ी संवेदनशीलता, देश में आतंकवादी गतिविधियों और राम जन्म भूमि-बाबरी मस्जिद अधिग्रहित परिसर में शांति व्यवस्था व सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अयोध्या में 17 जनवरी 2019 तक धारा 144 बढ़ा दी गई है। जिले में निषेधाज्ञा लागू हो गई है।
अयोध्या में सेना भेजे सुप्रीम कोर्ट : अखिलेश
समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा पर इस मुद्दे को लेकर किसी भी हद तक जाने का आरोप लगाते हुए सुप्रीम कोर्ट से अयोध्या में फौज तैनात करने की मांग की है। अयोध्या में राम मंदिर निर्माण को लेकर लगातार आ रहे बयानों पर प्रतिक्रिया करते हुए अखिलेश ने कहा भाजपा को न तो सुप्रीम कोर्ट में विश्वास है और न ही संविधान में। भाजपा किसी भी हद तक जा सकती है। उत्तर प्रदेश में खासकर अयोध्या में माहौल जिस प्रकार है, सुप्रीम कोर्ट को इसका संज्ञान लेना चाहिए और यदि आवश्यक हो तो सेना भेजनी चाहिए।
भाजपा विधायक ने मोदी व योगी पर साधा निशाना
भाजपा विधायक सुरेंद्र सिंह ने इस मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधा था। सिंह ने कहा था हमारे पास नरेंद्र मोदी जैसा महान पीएम हो, वह भी हिंदुत्ववादी। योगी जी जैसा महान हिंदुत्ववादी नेता मुख्यमंत्री हो...उस समय भी भगवान राम टेंट में रहें, भारत और हिंदू समाज के लिए इससे बड़ी दुर्भाग्य की कोई बात नहीं हो सकती। इससे पहले यूपी के कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने कहा था कि पूरे देश की भावना है कि अयोध्या में शीघ्र राम मंदिर बने। उन्होंने कहा कि भगवान राम के कारण भारत वैश्विक महाशक्ति बना। ऐसे में जनभावनाओं का आदर करते हुए जल्द राम मंदिर का निर्माण होना चाहिए।
Leave Comments