• Last Update 06:53 am

अडानी-अंबानी की कठपुतली बन कर रह गई है केंद्र सरकार : सिद्धू
Politics

अडानी-अंबानी की कठपुतली बन कर रह गई है केंद्र सरकार : सिद्धू

छिंदवाड़ा, न्यूज़मंच, पंजाब के वरिष्ठ मंत्री और पूर्व क्रिकेटर नवजोत सिंह सिद्धू ने कहा कि मोदी सरकार अडानी और अंबानी जैसे उद्योगपतियों के हाथों की कठपुतली बनकर रह गई है। लोकतंत्र में यह स्थिति असह्य है कि अमीरों के हित साधे जा रहे हैं, जबकि आम आदमी अनदेखी का शिकार है।

उन्होंने कच्चे तेल की अंतर्राष्ट्रीय कीमतों में गिरावट का जिक्र करते हुए कहा बाजार में तेल के दाम गिरे हैं, लेकिन केंद्र सरकार पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ाने में लगी है। 

उन्होंने कहा यूपीए शासनकाल में प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने पेट्रोल-डीजल के दामों को नियंत्रित करने प्रयास किया तो यही नरेंद्र मोदी कहते थे कि पेट्रोल-डीजल के दाम घटने चाहिए। अब जब वह स्वयं प्रधानमंत्री हैं, तो वह इस ओर से बेपरवाह हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि रिलायंस और एस्सार को लाभ पहुंचाने के लिए दाम नहीं घटाए जा रहे हैं। सिद्धू ने छिंदवाड़ा के जेल काम्प्लेक्स में आयोजित चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र में अमीरों के हितों का संरक्षण करने वाली सरकार है। आम आदमी के हित उसकी प्राथमिकताओं में शामिल नहीं हैं। 


शाह, योगी व चौहान पर भी साधा निशाना
सिद्धू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलावा भाजपा अध्यक्ष अमित शाह, यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और शिवराज सिंह चौहान पर भी अपने अंदाज में निशाना साधा। उन्होंने कहा कि नोटबंदी के तुगलकी फरमान के बाद बैंकों की कतार में खड़े रहकर 100 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक भी अमीर आदमी की मौत नहीं हुई। क्योंकि उनकी मोदी के साथ अट्टी-सट्टी है।

अमित शाह गुजरात में जिस बैंक में डायरेक्टर हैं, वहां एक दिन में 537 करोड़ जमा  होते हैं। योगी नाम बदल कर दो योजनाएं चला रहे हैं। अब मप्र के लोगों ने भी योजना चलाई है सरकार बदल दो। प्रधानमंत्री मोदी स्वदेशी का नारा देते हुए लड़ाकू विमान, पटेल प्रतिमा, बुलेट ट्रेन विदेश से बुलाते हैं।

मप्र की लड़कियों को दूसरे प्रदेशों में बेचा जा रहा है। बलात्कार मामले में मप्र पहले स्थान पर है। मुख्यमंत्री स्वयं को प्रदेश की बच्चों का मामा कहते हैं, लेकिन मध्यप्रदेश में हर दिन युवतियों पर दुराचार हो रहा है। इस दौरान कितने भांजों को मामा ने रोजगार दिया है, यह सभी जानते हैं। 

स्थानीय मुद्दे भी उठाए
सिद्धू ने कहा जेल काम्लेक्स की जिस जमीन की कीमत २०० करोड़ रुपए है, उसे महज १६ करोड़ में बेच दिया गया। इस जमीन पर बस स्टैंड की वजह से हटाए गए प्रभावितों को बसाया जाना था। मोदी सरकार कोयला खदानें बंद कर रही। कांग्रेस का राज आया तो क्षेत्र में नई कोयला खदानें खुलेंगी। यहां ट्रांसपोर्ट व्यवसाय फिर फलेगा-फूलेगा।

उन्होंने कहा कि भाजपा बीते 15 सालों से विकास का दावा कर रही है, लेकिन प्रदेश में रेत का अवैध उत्खनन बताता है नदियों को खोखला कर भाजपा नेताओँ ने किस तरह करोड़ों रुपए कमाए हैं। सिद्धू ने परासिया, सौंसर विधानसभा के लोधीखेड़ा और चौरई विधानसभा के चांद में भी सभाओं को संबोधित किया। इस दौरान उनके साथ प्रख्यात हाकी खिलाड़ी परगट सिंह, महाराष्ट्र के कांग्रेस नेता अनीश अहमद और स्थानीय प्रत्याशी समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस के नेता मौजूद थे। 

  • Tags

You can share this post!


Leave Comments