
नई दिल्ली। भारतीय रेलवे की रेल नेटवर्क को अपग्रेड करने की स्वर्णिम चतुर्भुज योजना के तहत लंबी दूरी की मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों से स्लीपर कोच को पूरी तरह खत्म कर दिया जाएगा। इन ट्रेनों में सिर्फ एसी बोगियां ही रहेंगी। ट्रेन की रफ्तार 130/160 किमी प्रति घंटा रहेगी। दरअसल, मेल और एक्सप्रेस ट्रेनें के 130 किमी प्रति घंटे या उससे अधिक की रफ्तार से चलने पर नॉन-एसी कोच में तकनीकी समस्याएं पैदा हो जाती हैं, इसी लिए ट्रेनों से स्लीपर कोच को खत्म करने का निर्णय लिया गया है। लंबी दूरी की मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों में फिलहाल 83 एसी कोच लगाने का प्रस्ताव है। हालांकि इस साल के अंत तक कोच की संख्या बढ़ाकर 100 कर दी जाएंगी। जबकि, अगले साल तक कोचों की संख्या 200 किए जाने की योजना है।
कम समय में ज्यादा आरामदायक यात्रा
इस योजना के अमल में आते ही रेलयात्रा और ज्यादा आरामदायक और कम समय लेने वाली हो जाएगी। इसमें सबसे अच्छी बात यह है कि इसके बदले में किराया सामान्य एसी कोच के मुकाबले कम रखे जाने की योजना है। नॉन एसी कोच वाली ट्रेन की रफ्तार एसी कोच वाली ट्रेनों के मुकाबले कम होगी। ऐसी ट्रेन 110 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलाई जाएंगी। रेलवे ने इस कार्य को चरणबद्ध तरीके से पूरा करने की योजना बनाई है।
स्पेशल ट्रेनों के रूप में चलेंगी 39 स्पेशल ट्रेनें
इससे पहले भारतीय रेलवे ने बुधवार को 39 नई पैसेंजर ट्रेनों को स्पेशल ट्रेनों केरूप में चलाने की मंजूरी दी है। रेलवे ने इन सभी 39 ट्रेनों की लिस्ट जारी कर दी है। इन्हें कब से चलाया जाएगा, इसकी जानकारी फिलहाल नहीं दी गई है। सेंट्रल रेलवे के मुताबिक, 9 अक्टूबर से छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस और नागपुर, पुणे, गोंदिया और सोलापुर के बीच 10 स्पेशल पैसेंजर ट्रेनों को चलाया जाएगा। इन ट्रेनों में जनरल डिब्बे नहीं होंगे। बल्कि ये पूर्ण रूप से स्पेशल पैसेंजर ट्रेनें होंगी, जिसमें बिना कंफर्म टिकट के यात्रा की इजाजत नहीं होगी।
तेजस की बुकिंग 8 अक्टूबर से शुरु हुई
इन ट्रेनों में भी वर्तमान में चल रहीं अन्य ट्रेनों की तरह ही इन ट्रेनों में भी सोशल डिस्टेंसिंग, सैनिटाइजेशन, चेहरे पर मास्क जैसे नियमों का पालन करना होगा। 17 अक्टूबर से प्राइवेट तेजस ट्रेनें भी दौड़ने लगेंगी। आईआरसीटीसी ने बुधवार को यह घोषणा की है। तेजस ट्रेन के लिए टिकट बुकिंग की शुरुआत 8 अक्टूबर से हो गई है। कोरोना काल में तेजस एक्सप्रेस ट्रेनों का परिचालन 7 महीने से बंद है। अब इसे फिर से शुरू किया जा रहा है। कंपनी के मुताबिक 17 अक्टूबर से लखनऊ-नई दिल्ली और अहमदाबाद-मुंबई रूट पर इन ट्रेनों का परिचालन दोबारा शुरू होगा।
Leave Comments